मुख्यमंत्री ने किया दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण, मरीजों और व्यवस्थाओं का जाना हाल

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री धामी करीब 15 मिनट तक अस्पताल में वार्ड, इमरजेंसी, ओटी का निरीक्षण करते रहे इस दौरान उन्होंने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की वहीं चिकित्सालय परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आए मरीजों का हालचाल जाना और तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मौजूद संसाधनों, डॉक्टर की उपलब्धता, दवाओं की उपलब्धता और खाने पीने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। धामी ने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों के लिए बन रहे खाने को स्वयं जाकर देखा। उन्होंने कहा कि मरीजों को मिलने वाले भोजन में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी तरह के पोषक तत्व भोजन में पाए जाएं, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इमरजेंसी वार्ड में जाकर वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, से भी वार्ता की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। मरीजों के इलाज में इस्तेमाल हो रही विभिन्न आधुनिक मशीनों के बारे में भी जानकारी ली।


Spread the love