बल्लभगढ़ में सीएम धामी का भव्य रोड शो, कहा- हरियाणा में बनेगी डबल इंजन की सरकार

Spread the love

हरियाणा में चल रहे विधानसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पंडित मूलचंद शर्मा के पक्ष में रोड शो किया। सीएम धामी का बल्लभगढ़ की जनता ने जोरदार स्वागत किया, इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 80 फीट लंबी फूलों की माला से स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने रोड शो के दौरान लोगों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और उत्साहपूर्ण समर्थन के लिए बल्लभगढ़ की जनता का आभार भी व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा की भाजपा सरकार ने राज्य को सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से समृद्ध किया है।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में भाजपा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि विकास के हर क्षेत्र में हरियाणा ने कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 5 अक्टूबर को हरियाणा की देवतुल्य जनता भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों पर मुहर लगाएगी और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए भाजपा को एक बार फिर से भारी समर्थन देगी।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा प्रत्याशी मूलचंद शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित रूप से शर्मा के चुनाव जीतने के बाद बल्लभगढ़ में विकास कार्यों को गति मिलेगी। चुनाव जीतने के बाद डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में सड़क, परिवहन और युवाओं के कौशल विकास के क्षेत्र में नई योजनाओं की शुरुआत होगी।


Spread the love