भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर हरदा का पलटवार

Spread the love

उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट का बयान एक बार फिर सुर्ख़ियों में आ गया है। घर पर तिरंगा न लगाने वालों को विश्वास योग्य न मानने संबंधी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के इस बयान पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा सहित कई नेताओं ने पलटवार किया।

पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि देश में 42 करोड़ लोग गरीबी की रेखा के नीचे हैं। 50 करोड़ से अधिक ऐसे हैं, जिनके लिए हर दिन की रोटी जुटाने का सवाल है। इस संख्या में 37 करोड़ लोग तो भाजपा के शासनकाल में पिछले साढ़े सात वर्षों में गरीबी की रेखा से नीचे गए हैं। कहा कि इस तरह के लोगों के पास कहां से झंडा और डंडा खरीदने के लिए पैसा आएगा।

वहीं उत्तराखंड कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर पलटवार किया है। देवेंद्र यादव ने कहा कि जिन लोगों की देश की आजादी में कोई भूमिका नहीं है, आज वह राष्ट्रवाद की बात कर रहे हैं। भाजपा और आरएसएस की देश की आजादी में कोई भी भूमिका नहीं रही है। देश में गरीब आदमी के पास खाने के लिए अनाज नहीं है, लेकिन राशन की दुकान में ₹20 का तिरंगा झंडा खरीदने पर गरीब आदमी को मजबूर किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि संघ ने अपने कार्यालय में 51 साल तक झंडा नहीं फहराया। तीन लड़कों ने जब उनके कार्यालय में झंडा फहराया तो उन लड़कों को इस पर 2013 तक मुकदमा झेलना पड़ा। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान बचकाना है।

गौरतलब है कि बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र भट्ट हल्द्वानी में आयोजित आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हर घर तिरंगा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “देश उन लोगों को भरोसा नहीं कर सकता, जिनके घरों पर आजादी के दिन तिरंगा लहराता हुआ नहीं दिखाई देगा।” उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहा कि “मुझे ऐसे घरों की तस्वीरें भेजो जिन पर तिरंगा नहीं लहराता नहीं दिखाई देगा, इससे समाज के लोगों को पता चल सकेगा ये वो तिरंगे का सम्मान नहीं करता है।”

बता दें की देश में आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें हर घर पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया है। सभी लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।


Spread the love