हरिद्वार पुलिस में बड़ा फेरबदल, 13 इंस्पेक्टरों को कोतवालियों की कमान, 81 दरोगाओं के भी तबादले

Our News, Your Views

हरिद्वार पुलिस में बड़ा फेरबदल, 13 इंस्पेक्टरों को कोतवालियों की कमान, 81 दरोगाओं के भी तबादले

अर्धकुंभ 2027 और विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में बदलाव, कई कोतवालियों को मिले नए प्रभारी

हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 कई महत्वपूर्ण आयोजनों और प्रशासनिक चुनौतियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। एक ओर हरिद्वार में अर्धकुंभ 2027 की तैयारियां होनी हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिहाज से हरिद्वार पुलिस महकमे में हुए बड़े फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने जिले में 94 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इनमें 13 निरीक्षकों को अलग-अलग कोतवालियों की कमान सौंपी गई है, जबकि 81 उपनिरीक्षकों और वरिष्ठ उपनिरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस फेरबदल के तहत पुलिस लाइन में तैनात कई निरीक्षकों को फील्ड में भेजा गया है। वहीं, कुछ मौजूदा प्रभारी निरीक्षकों को भी दूसरी कोतवालियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आदेश के अनुसार निरीक्षक चंद्रभान सिंह को ज्वालापुर से नगर कोतवाली, अमरजीत सिंह को बहादराबाद से ज्वालापुर, केसी भट्ट को पुलिस लाइन से कनखल और नंद किशोर भट्ट को पुलिस लाइन से रुड़की भेजा गया है। राजेंद्र खोलिया को कलियर, विनोद गुसाईं को पथरी, मनोज मैनवाल को मंगलौर और भगवान महर को श्यामपुर कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।

इसी तरह राकेश शाह को रानीपुर, अनिरुद्ध मैठाणी को सिडकुल, संजय मिश्रा को खानपुर, कुंदन राम आर्य को झबरेड़ा और प्रदीप रावत को बहादराबाद कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है।

निरीक्षकों के अलावा विभिन्न थानों, चौकियों और सीआईयू में तैनात उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 नवंबर को हरिद्वार जिले में तैनात 13 निरीक्षकों का प्रदेश के दूसरे जनपदों में स्थानांतरण किया गया था। इसके बाद जिले की कई कोतवालियों में प्रभारी निरीक्षकों के पदों पर नई तैनाती की आवश्यकता बनी थी। अब जिले के भीतर हुए इस फेरबदल के बाद पुलिस की फील्ड व्यवस्था में भी बदलाव आया है।

अर्धकुंभ और चुनाव, दोनों के लिहाज से अहम रहेगा 2027

हरिद्वार के लिए आने वाला वर्ष विशेष महत्व रखता है। अर्धकुंभ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटना पुलिस प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल होगा।

इसके साथ ही 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान भी कानून-व्यवस्था बनाए रखना, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी गतिविधियों के दौरान पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

ऐसे परिदृश्य में हरिद्वार पुलिस महकमे में हुआ यह फेरबदल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ आगामी बड़ी जिम्मेदारियों के लिए भी तैयारी करने की चुनौती रहेगी। अब देखना होगा कि नई टीम के साथ हरिद्वार पुलिस इन महत्वपूर्ण आयोजनों और जिम्मेदारियों के लिए अपनी व्यवस्थाओं को किस तरह आगे बढ़ाती है।


Our News, Your Views