हरिद्वार में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 2 इंस्पेक्टर समेत 20 दरोगाओं के तबादले, कानून व्यवस्था मजबूत करने का दावा

Our News, Your Views

हरिद्वार में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 2 इंस्पेक्टर समेत 20 दरोगाओं के तबादले, कानून व्यवस्था मजबूत करने का दावा

हरिद्वार। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने एक बार फिर बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शुक्रवार देर रात जारी आदेश में 2 इंस्पेक्टर और 20 सब-इंस्पेक्टर (दरोगाओं) को इधर से उधर किया गया है।

तबादलों के तहत इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी को श्यामपुर कोतवाली प्रभारी पद से हटाकर रानीपुर कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा को श्यामपुर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा इंस्पेक्टर आशुतोष राणा को रानीपुर कोतवाली से हटाकर पुलिस कार्यालय भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में इन अधिकारियों को उनके पूर्व पदों पर तैनात किया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में फिर से बदलाव कर दिया गया।

सब-इंस्पेक्टर स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। अजय शाह को पुलिस कार्यालय से स्थानांतरित कर सिडकुल थाना प्रभारी बनाया गया है। नवीन सिंह को पुलिस लाइन से रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी, जबकि चरण सिंह को रोड़ीबेलवाला से गैस प्लांट चौकी प्रभारी बनाया गया है। गैस प्लांट चौकी प्रभारी रहे विकास रावत को सिडकुल कोतवाली में एसएसआई की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी क्रम में प्रवीण बिष्ट को मंगलौर से हटाकर बहादराबाद कस्बा बाजार चौकी प्रभारी बनाया गया है, जबकि अमित नौटियाल को पुलिस लाइन भेजा गया है। विक्रम बिष्ट को सप्तऋषि चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है और बलवीर डोभाल को पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है।

पथरी थाने में तैनात संतोष सेमवाल को चंडी घाट चौकी प्रभारी बनाया गया है, जबकि नवीन चौहान को पथरी थाना भेजा गया है। इसके अलावा ब्रह्मदत्त बिजलवाण, विनय मोहन और देवेंद्र चौहान सहित कई अधिकारियों को पुलिस लाइन भेजा गया है।

अन्य तबादलों में नितिन बिष्ट को मंगलौर कस्बा चौकी प्रभारी, मनोज कुमार को अमानतगढ़ चौकी प्रभारी, नवीन नेगी को खड़खड़ी चौकी प्रभारी, सूरत शर्मा को गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी और बालम सिंह को तेजपुर चौकी प्रभारी बनाया गया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह सभी तबादले जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। उन्होंने संकेत दिए कि आगे भी जरूरत के अनुसार प्रशासनिक बदलाव जारी रह सकते हैं।


Our News, Your Views