उत्तराखंड के हर ब्लॉक में बनेंगे मिनी स्टेडियम, 2026–27 बजट में प्रावधान: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून/गैरसैंण।
उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बजट सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में जानकारी दी कि प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने और ग्रामीण स्तर तक खेल ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसी उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जाने की योजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल की सफल मेजबानी के बाद राज्य में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और पहचान बनी है। इस आयोजन में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी दर्ज किया था। इस उपलब्धि ने राज्य को खेलभूमि के रूप में नई पहचान दिलाई है।
राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधारभूत खेल ढांचा विकसित किया गया था। सरकार ने इस खेल ढांचे के बेहतर उपयोग के लिए लेगेसी पॉलिसी लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत इन सुविधाओं का उपयोग खेल अकादमियों के रूप में किया जाएगा, ताकि उभरती प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सके। इस संबंध में शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही जारी है।
प्रश्नकाल के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में खेल मैदान और मिनी स्टेडियम से जुड़े प्रश्न का उत्तर देते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए लगभग 1.18 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है। इसके निर्माण के लिए लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
राज्य सरकार का मानना है कि ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।
