भूस्खलन से बाल-बाल बचे सांसद अनिल बलूनी व विधायक विनोद कंडारी

Our News, Your Views

भूस्खलन से बाल-बाल बचे सांसद अनिल बलूनी व विधायक विनोद कंडारी

देवप्रयाग। उत्तराखंड में आपदा से हालात गंभीर बने हुए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सांसद अनिल बलूनी और विधायक विनोद कंडारी उस समय बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गए, जब देवप्रयाग डिग्री कॉलेज के निकट अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों जनप्रतिनिधि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने के लिए देवप्रयाग आ रहे थे। इस दौरान डिग्री कॉलेज के पास उनके वाहन पर पहाड़ी से मलबा आ गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी चोटिल नहीं हुआ। हालांकि वाहन मलबे में फंस गया। इसके बाद सांसद बलूनी तहसीलदार के वाहन से देवप्रयाग पहुंचे और निर्धारित सभी कार्यक्रमों में भाग लिया। बाद में वे प्राइवेट वाहन से देहरादून के लिए रवाना हुए। वहीं, उनके सरकारी वाहन को निकालने के लिए एनएच की ओर से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड इस वर्ष भीषण अतिवृष्टि और भूस्खलन से गहरे घाव झेल रहा है। “कल शाम आपदा प्रभावित क्षेत्र में भूस्खलन का भयावह दृश्य देखा। यह दृश्य स्वयं बता रहा है कि हमारा उत्तराखंड इस समय कितनी भीषण प्राकृतिक आपदा से गुजर रहा है,” उन्होंने कहा।

बलूनी ने बाबा केदारनाथ से सभी लोगों के सुरक्षित जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगल कामना की। साथ ही उन्होंने आपदा की घड़ी में दिन-रात सेवा में जुटे अधिकारियों, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों और कठिन परिस्थितियों में भी सड़कों से मलबा हटाने वाले कर्मचारियों की सराहना की।


Our News, Your Views