मृत बकरी का मांस खाने से 25 से अधिक लोग बीमार, श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती
श्रीनगर (गढ़वाल)। टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक अंतर्गत सिरोला गांव में मृत बकरी का मांस खाने से 25 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। एक साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बीमारों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक बकरी की मौत हो गई थी। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने मृत बकरी का मांस पकाकर उसका सेवन कर लिया। मांस खाने के कुछ घंटों बाद ही लोगों को तेज पेट दर्द, उल्टी, दस्त और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते कई लोगों की हालत बिगड़ गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों की मदद से सभी प्रभावित लोगों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग में भर्ती किया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। बेस अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अजय गोस्वामी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी बीमारी या संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पशु के मांस का सेवन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा करना स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है और गंभीर खाद्य विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) का कारण बन सकता है।
वहीं, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी भी अस्पताल पहुंचे और भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
प्राथमिक तौर पर घटना को खाद्य विषाक्तता से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मृत पशु का मांस खाने से बचें और खाद्य पदार्थों के सेवन में पूरी सावधानी बरतें।
