उत्तराखंड में PM आवास योजना को मिली रफ्तार, दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगी पक्की छत

Our News, Your Views

उत्तराखंड में PM आवास योजना को मिली रफ्तार, दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगी पक्की छत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के तहत जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। राज्य में आगामी दिसंबर माह तक 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्की छत मिलने की उम्मीद है। आवास विभाग ने सभी लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सितंबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की है।

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश के अनुसार प्रदेश में कुल 18 परियोजनाओं के तहत 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से लगभग 84 प्रतिशत यानी 12,948 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं 1,271 लाभार्थियों को उनके घरों की चाबियां भी सौंपी जा चुकी हैं, जिनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि लंबित आवासीय परियोजनाओं को हर हाल में 30 सितंबर तक पूरा किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराए जा सकें।

ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक आवास

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वाधिक 10,200 आवास ऊधमसिंह नगर जनपद में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर (जसपुर) में 1,264, उकरौली-1 (सितारगंज) में 1,168, उकरौली-2 में 864, कनकपुर (काशीपुर) में 1,256, मटकोटा (रुद्रपुर) में 928, श्यामनगर (गदरपुर) में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर (काशीपुर) में 512 तथा गंगापुर गोसाल (काशीपुर) में 584 आवास बनाए जा रहे हैं।

हरिद्वार में 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण

हरिद्वार जनपद में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेलड़ी (रुड़की) में 1,088, शिकारपुर में 768 तथा इंद्रलोक आवासीय योजना के तहत 528 आवास शामिल हैं।

नैनीताल और देहरादून में भी तेजी

नैनीताल जिले के उम्मेदनगर (रामनगर) में सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं देहरादून में धौलास हाउसिंग स्कीम के तहत प्रस्तावित 240 आवासों में से 180 का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

राज्य सरकार बढ़ाएगी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के अनुरूप राज्य सरकार विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को मिलने वाली राज्य सरकार की सहायता राशि को ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹75 हजार किया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।


Our News, Your Views