पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। होली की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि होली रंग और उल्लास का त्योहार होने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा कि हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक समरसता, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को सुदृढ़ बनाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारी लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता की जीवंत अभिव्यक्ति है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति का यह महत्वपूर्ण पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। होली के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदार से प्रार्थना की कि होली का यह पर्व प्रदेश में समृद्धि और उन्नति के नए रंग लेकर आए तथा सभी के जीवन को सुख, शांति और सफलता से रंगायमान करे।
मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन समारोह
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली, जहां रंग, संगीत और लोकपरंपराओं का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया गया।
समारोह में मंत्रीगण, विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान गढ़वाल और कुमाऊँ की पारंपरिक होली के साथ-साथ जौनसार-बावर और तराई क्षेत्र की लोकधुनों ने वातावरण को रंगमय बना दिया। लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश की विविध लोक परंपराओं की जीवंत झलक दिखाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत ही उसकी पहचान है और इसे सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
समारोह के अंत में सभी ने पारंपरिक ढंग से एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
