Advt.
Advt.
Advt.

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, 17 दिन में 452 मरीज मिले; 24 घंटे में 24 नए मामले

Our News, Your Views

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, 17 दिन में 452 मरीज मिले; 24 घंटे में 24 नए मामले

देहरादून। उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू यानी इंफ्लुएंजा एच1एन1 के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और रैपिड रिस्पॉन्स टीमों की सक्रियता के बावजूद सितंबर में संक्रमण की रफ्तार तेज हुई है। बृहस्पतिवार को पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 24 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।

अगस्त की तुलना में सितंबर में संक्रमण के मामलों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। अगस्त में जहां पूरे महीने 105 मरीज सामने आए थे, वहीं सितंबर के महज 17 दिनों में ही 452 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।

17 दिन में 452 नए मरीज

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक सितंबर से 17 सितंबर तक स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद कुल संख्या तेजी से बढ़ी है। इस अवधि में कई दिनों में 20 से अधिक मरीज सामने आए, जबकि कुछ दिनों में यह संख्या 40 और 50 के पार भी पहुंची।

सितंबर में अब तक एक दिन में सबसे अधिक 58 मामले 4 सितंबर को सामने आए। इसके बाद 2 सितंबर को 49 और 5 सितंबर को 29 मरीज मिले। 17 सितंबर को 24 नए मरीजों की पुष्टि हुई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अगस्त से अब तक प्रदेश में कुल 557 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से पांच संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। विभाग ने पांच में से दो मौतों का कारण केवल स्वाइन फ्लू बताया है।

हर घंटे औसतन एक मरीज संक्रमित

एक सितंबर से सामने आए मामलों के आधार पर सितंबर में प्रतिदिन औसतन करीब 32 मरीज संक्रमित मिले हैं। यानी इस अवधि में औसतन हर घंटे लगभग एक मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

लगातार बढ़ते मामलों के बीच संक्रमण की चेन को तोड़ना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। विभाग ने कई रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय कर ग्राउंड स्तर पर निगरानी और जांच बढ़ाई है।

को-मॉर्बिड मरीजों पर विशेष निगरानी

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित सामने आए मरीजों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जो पहले से किसी दूसरी बीमारी से जूझ रहे हैं। अस्पताल में भर्ती होने के बाद इन मरीजों की जांच किए जाने पर स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसे मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उनकी नियमित जांच के साथ चिकित्सकीय निगरानी भी बढ़ाई गई है।

डेंगू और कोरोना ने भी बढ़ाई चिंता

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू और कोरोना संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में डेंगू के चार और कोरोना के एक नए मरीज की पुष्टि हुई है।

इसके बाद प्रदेश में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 184 हो गई है, जबकि कोरोना के मामले भी 50 के पार पहुंच चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग बढ़ाने के साथ निगरानी तेज कर दी है।

सितंबर में स्वाइन फ्लू के मामले

तारीख नए मामले
1 सितंबर 27
2 सितंबर 49
3 सितंबर 32
4 सितंबर 58
5 सितंबर 29
6 सितंबर 28
7 सितंबर 8
8 सितंबर 22
9 सितंबर 25
10 सितंबर 25
11 सितंबर 24
12 सितंबर 21
13 सितंबर 31
14 सितंबर 0
15 सितंबर 22
16 सितंबर 27
17 सितंबर 24

अस्पतालों में तैयारियां पूरी रखने के निर्देश

स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार काम कर रहा है। अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां पूरी रखी गई हैं और स्क्रीनिंग का दायरा बढ़ाया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को संक्रमण की रोकथाम और निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीमें भी सक्रिय हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


Our News, Your Views