थैलेसीमिया जागरूकता के लिए आयोजित हुई ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन, खेल मंत्री रेखा आर्या ने दिखाई हरी झंडी
देहरादून। थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को पवेलियन ग्राउंड में ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का आयोजन किया गया। वीरा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस मैराथन को प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने बतौर मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मैराथन पवेलियन ग्राउंड से शुरू होकर कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्मकमल चौक होते हुए पुनः पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ रहने के लिए खेलों और नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस प्रकार के आयोजन प्रभावी माध्यम सिद्ध होते हैं।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में रोहित ने प्रथम, अर्जुन ने द्वितीय तथा हिमांशु बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव प्रथम, सोनाक्षी द्वितीय और आराधना तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त नीतू यादव, राधिका, अर्चना एवं जीविका सहित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस स्थानों में स्थान बनाया और विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्या, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव रंजन कुमार, वीरा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. रितु डोभाल, रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल की अध्यक्ष अंजना साहनी, नीतू सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
