देहरादून, 13 जून 2025/ उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में संचालित हैलीकॉप्टर सेवाओं की समीक्षा बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हैली सेवा प्रदाताओं को यात्रियों की संख्या और आंकड़ों की बजाय सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री आवास में हुई इस अहम बैठक में यूकाडा (UCADA), एएआईबी (AAIB), डीजीसीए (DGCA) और राज्य में सेवाएं दे रहे सभी हैली सर्विस ऑपरेटरों के साथ प्रदेश की हैली सेवाओं की समग्र समीक्षा की गई। धामी ने निर्देश दिए कि पूर्व में हुई हैली दुर्घटनाओं की विस्तृत ऑडिट और निरंतर समीक्षा की जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि यात्रियों की जान की हिफाजत सुनिश्चित की जाए।” उन्होंने हैलीकॉप्टर की नियमित फिटनेस जांच, इंजन की तकनीकी जांच और टिकट बुकिंग के लिए प्रभावी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों—विशेष रूप से केदारनाथ घाटी—में मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए वैदर कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यूकाडा को निर्देशित किया कि भविष्य में केवल डबल इंजन हैलीकॉप्टर संचालन की ठोस नीति तैयार की जाए।
धामी ने वैष्णो देवी में सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैली सेवा मॉडल का अध्ययन कर उसे उत्तराखण्ड में लागू करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि अत्यधिक अनुभवी पायलटों की नियुक्ति हो और यात्रियों के साथ संवेदनशील व्यवहार को अनिवार्य बनाया जाए ताकि तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को देवभूमि से सुखद अनुभव प्राप्त हो।
बैठक में यह भी बताया गया कि इस वर्ष अब तक 66,000 से अधिक यात्रियों ने हैली शटल सेवाओं का लाभ उठाया है। राज्य में कई नए हैलीपैड भी निर्माणाधीन हैं ताकि भविष्य में बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके। मुख्यमंत्री ने यूकाडा को अगले 10 वर्षों के लिए हैली सेवाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते हैली सेवाएं भविष्य में राज्य की रीढ़ बनने जा रही हैं। इसके लिए सुव्यवस्थित, सुरक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम तंत्र विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।