मसूरी में सीज़न की पहली बर्फ़बारी, अगले चार दिनों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट, राज्य कड़ाके की ठंड की चपेट में

Spread the love

उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी से समूचा राज्य कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। देहरादून में जहाँ देर रात से वर्षा जारी रही तो वहीँ केदारनाथ, जोशीमठ, मसूरी व अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिन मैदान से लेकर पहाड़ तक तेज गर्जना के साथ जोरदार बारिश और बर्फबारी की पूरी संभावना है। अनुमान है कि कड़ाके की ठंड में और इजाफा हो सकता है। प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश हैं

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान है। चोटियों पर कहीं-कहीं भारी हिमपात हो सकता है। जबकि, मैदानों में वर्षा के भी आसार हैं। इस बीच कड़ाके की ठंड में इजाफा हो सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है। वहीं पहाड़ों  की रानी मसूरी में सीजन की पहली बर्फ़बारी होने से लोगों में ख़ुशी का माहौल है, सुबह के समय हलकी बर्फ़बारी ने लोगों के चहरे पर मुस्कान लाने का काम किया वहीँ व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे।

प्रदेश की ऊँची चोटियों पर हिमपात का क्रम शुरू हो गया है। चारधाम समेत तमाम ऊंची चोटियों पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। जबकि, निचले इलाकों में सर्द हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है। बदले मौसम से तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। जहाँ केदारनाथ में अब तक चार फीट मोटी बर्फ जम चुकी है वहीं अन्य ऊंचाई वाली चोटियों पर भी कमोबेश यही आलम है। उधर, कुमाऊं में सीमांत पिथौरागढ़ जिले के उच्च हिमालयी चोटियों राजरंभा, पंचाचूली, नंदादेवी, नंदाकोट आदि में सुबह हिमपात हुआ। मसूरी के आसपास के ऊंचाई के क्षेत्रों में जमकर बर्फ़बारी हुयी है। मसूरी और आसपास को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मूड पर है सभी सम्बंधित अधिकारीयों को अलर्ट रहने के निर्देश हैं, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, हुए पिथौरागढ़ जनपदों में बारिश और बर्फ़बारी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। मैदानी क्षेत्रों में ठंड में एकाएक और इजाफा हो गया है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सुबह घना कोहरा छा रहा है और लोग शीतलहर के प्रकोप से परेशान हो रहे हैं। अनुमान है कि कड़ाके की ठंड में अभी और इजाफा हो सकता है।


Spread the love