सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के लिए एसओपी बनेगी, मुख्यमंत्री के निर्देश
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी-कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख किया। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्य सचिव को दूरभाष पर निर्देश दिए कि अधिकारी, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत एसओपी तैयार की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
डीजीपी और एसएसपी को भी निर्देश
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस के महानिदेशक (DGP) को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यस्थलों पर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या हिंसक व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
