जी.एस.टी. की नई दरों पर प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाएगी सरकार : मुख्यमंत्री धामी

Our News, Your Views

जी.एस.टी. की नई दरों पर प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाएगी सरकार : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्रीगणों, विधायकगणों और अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि 22 सितंबर से देशभर में जी.एस.टी. की नई दरें प्रभावी होंगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

फोटो श्रोत – सोशल मीडिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक तेजी से पहुँचे, इसके लिए प्रदेश में 22 से 29 सितंबर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रभारी मंत्री अपने-अपने जनपदों में और विधायकगण अपनी विधानसभाओं में जागरूकता कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा लाभ

सीएम धामी ने कहा कि संशोधित जी.एस.टी. दरों से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी और “वोकल फ़ॉर लोकल” एवं “लोकल टू ग्लोबल” की दिशा में राज्य को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अंब्रेला ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज, जी.आई. टैग प्राप्त 27 उत्पाद, एक जनपद दो उत्पाद योजना, स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को नए कर ढांचे से बढ़ावा मिलेगा। इससे स्वरोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार करने में मदद मिलेगी।

आमजन की सहभागिता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जागरूकता अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहे बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों और सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग करने पर बल दिया गया। साथ ही मीडिया प्लेटफार्मों के जरिए भी आम नागरिकों और व्यवसायियों तक जानकारी पहुँचाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी विभागों और निकायों से अपेक्षा की कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें। ग्राम सभाओं और नगर निकायों के स्तर पर बैठकों का आयोजन कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को जी.एस.टी. की नई दरों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उद्योग विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि जी.आई. टैग वाले उत्पादों और एक जनपद दो उत्पाद योजना को और अधिक सशक्त तथा बाज़ारोन्मुख बनाया जाए।

व्यापार और उपभोक्ताओं दोनों को होगा लाभ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई दरें लागू होने के बाद व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं व उत्पादकों दोनों को लाभ होगा। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादकता और विपणन में पारदर्शिता आएगी तथा छोटे उद्यमी भी राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जुड़ सकेंगे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जी.एस.टी. की नई दरों से आमजन और व्यवसायियों को होने वाले लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या सहित कई विधायकगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Our News, Your Views