पश्चिम एशिया तनाव का असर देहरादून में दिखा, एलपीजी सिलेंडर के लिए लगी कतारें; कमर्शियल गैस सप्लाई प्रभावित

Our News, Your Views

पश्चिम एशिया तनाव का असर देहरादून में दिखा, एलपीजी सिलेंडर के लिए लगी कतारें; कमर्शियल गैस सप्लाई प्रभावित

देहरादून।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी दिखाई देने लगा है। शहर में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के कारण गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई लोग दिनभर मोबाइल पर गैस बुकिंग के लिए प्रयास करते रहे, लेकिन बुकिंग नहीं हो पाने से परेशानी बढ़ गई है।

बुधवार को शहर के कई गैस गोदामों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई। नया गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर बाद तक लोगों की लंबी लाइन लगी रही। एजेंसी के अनुसार लगभग 320 उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि 60 से अधिक लोगों को सिलेंडर खत्म होने के कारण खाली हाथ लौटना पड़ा। अन्य एजेंसियों पर भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली।

उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस बुकिंग में भी दिक्कत आ रही है। लोग बुकिंग नंबर पर लगातार कॉल कर रहे हैं, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो रही है। ऐसे में लोग आशंका के चलते सीधे एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं।

कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई पर रोक से होटल-रेस्टोरेंट परेशान

मौजूदा परिस्थितियों में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। फिलहाल अस्पताल, हॉस्टल और आपात सेवाओं से जुड़े संस्थानों को ही प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलेंडर दिए जा रहे हैं। देहरादून जिले में करीब 19 हजार से अधिक कमर्शियल गैस कनेक्शन हैं और हर महीने लगभग 40 हजार सिलेंडरों की खपत होती है।

उत्तराखंड गैस एजेंसी एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल के अनुसार 3 मार्च से कमर्शियल गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे होटल, ढाबे और अन्य प्रतिष्ठानों को काफी परेशानी हो रही है।

कई होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर

कमर्शियल गैस की कमी से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। देहरादून होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु कोचर ने बताया कि गैस नहीं मिलने के कारण कई प्रतिष्ठानों को अपना मेन्यू कम करना पड़ा है और कुछ जगहों पर बंद होने की स्थिति बन गई है। कई रेस्टोरेंट अब ओवन, इंडक्शन या अन्य विकल्पों से काम चलाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रशासन का दावा—घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल का कहना है कि घरेलू गैस की आपूर्ति जारी है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग की टीमें सतर्क हैं और यदि कोई अवैध गतिविधि करता है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

वहीं राज्य के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और इसकी आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति पर दबाव बना है, जिससे कमर्शियल गैस की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।


Our News, Your Views