पारा 40 के पार! अगले सात दिन होगा और बुरा हाल, उत्‍तराखंड के मैदानों में लू, पहाड़ों में ओलावृष्टि की चेतावनी 

Spread the love

उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। लगातार चढ़ते पारे से लोगों का बुरा हाल है। उमस ने लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर दिया है। पारे के रिकार्ड स्तर पर पहुंचने से मैदानी इलाकों में जनजीवन प्रभावित है। मौसम विज्ञान केंद्र अनुसार, आगामी सात जून तक प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक रविवार और सोमवार को पर्वतीय इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है।
प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। बीते गुरुवार को अधिकतम तापमान ने 10 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। शुक्रवार को पारे में मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। वहीं, लू चलने के कारण दुश्वारियां और बढ़ गई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताते हैं कि इस समय नमी नहीं होने और ड्राई हवा के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पाकिस्तान से शुष्क हवाएं उत्तर भारत की तरफ बढ़ी हैं, इसका असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे सप्ताह इसी तरह गर्मी का प्रकोप रहेगा। बीच-बीच में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।आगामी सात जून तक प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रहेगा। प्रदेश में कहीं-कहीं अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

Spread the love