बदरीनाथ धाम पहुंची उद्धव व कुबेर जी की डोलियां, 23 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

Our News, Your Views

बदरीनाथ धाम पहुंची उद्धव व कुबेर जी की डोलियां, 23 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

चमोली, उत्तराखंड/ शीतकालीन प्रवास के बाद भगवान बदरी विशाल के प्रतिनिधि स्वरूप उद्धव जी एवं देवताओं के खजांची कुबेर जी की पवित्र उत्सव डोलियां आज पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर से बदरीनाथ धाम पहुंच गईं। डोलियों के आगमन के साथ ही पूरे धाम में भक्ति और उल्लास का वातावरण बन गया है।

पारंपरिक पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान भगवान बदरी विशाल की उत्सव डोली, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी, पवित्र गाडू घड़ा (तिल तेल कलश) और रावल (मुख्य पुजारी) की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुई।

पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, “जय बद्री विशाल” के जयकारे और भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच यात्रा आगे बढ़ी। विष्णुप्रयाग, लामबगड़ और हनुमानचट्टी जैसे प्रमुख पड़ावों पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक स्वागत कर पूजा-अर्चना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शीतकाल में बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने पर उद्धव जी और कुबेर जी पांडुकेश्वर में विराजमान रहते हैं। चारधाम यात्रा के पुनः आरंभ से पूर्व इनका बदरीनाथ लौटना एक महत्वपूर्ण परंपरा मानी जाती है।

इस बीच, 23 अप्रैल को प्रातः 6:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज दोपहर लगभग 3 बजे धाम पहुंचेंगे और मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण करेंगे। वे कपाटोद्घाटन के इस पावन अवसर के साक्षी भी बनेंगे।


Our News, Your Views