लोहाघाट में ₹256 करोड़ की लागत से बन रहा राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, सीएम ने किया निरीक्षण

Our News, Your Views

लोहाघाट में ₹256 करोड़ की लागत से बन रहा राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, सीएम ने किया निरीक्षण

चम्पावत। जनपद चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र स्थित छमनिया में लगभग ₹256 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन राज्य के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएँ।

खेल अवसंरचना की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित विभिन्न खेल सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली।

इसके अलावा 300 बालिकाओं की क्षमता वाले छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, मल्टीपर्पज हॉल, ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।

बेटियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोहाघाट में स्थापित हो रहा यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा। यहाँ विकसित की जा रही सभी खेल व्यवस्थाएँ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी, जिससे महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रशिक्षण, शिक्षा और आवास की समग्र सुविधा उपलब्ध कराते हुए विशेष रूप से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।

जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा, अन्य जनप्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Our News, Your Views