उत्तराखंड में वीआईपी मूवमेंट से प्रशासन अलर्ट, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी पहुंचे राज्य
देहरादून/हरिद्वार।
उत्तराखंड में आज वीआईपी मूवमेंट के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज राज्य दौरे पर पहुंचे। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
तीनों नेता हरिद्वार के सप्तऋषि मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “उत्तराखंड के चार धाम वास्तव में भारत की आध्यात्मिक चेतना के आधार हैं।” उन्होंने कहा कि पहले रामभक्तों और राष्ट्र की विरासत का अपमान होता था, लेकिन अब देश में अपनी परंपरा और आस्था का सम्मान हो रहा है। “किसी ने नहीं सोचा था कि राम मंदिर बनेगा, लेकिन मंदिर बना और भव्य बना,” योगी ने कहा।
अपने गांव पंचूर जाएंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड प्रवास के दौरान अपने पैतृक गांव पंचूर भी जाएंगे, जहां वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नवनिर्मित कक्षा-कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी शिरकत करेंगे।
योगी आदित्यनाथ की शिक्षा भी उत्तराखंड से जुड़ी रही है। उन्होंने:
-
कक्षा 1 से 5 तक – प्राथमिक विद्यालय, पंचूर
-
कक्षा 6 से 8 – जूनियर हाईस्कूल, बिथ्याणी
-
कक्षा 10 – खाड़ी हाई स्कूल, नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)
-
कक्षा 11-12 – भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश
-
स्नातक – कोटद्वार महाविद्यालय से पूरी की थी।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं सख्त
प्रशासन के अनुसार योगी आदित्यनाथ के दौरे को देखते हुए यमकेश्वर और बिथ्याणी क्षेत्र में हेलिपैड तैयार किया जा रहा है। पूरे रूट पर पुलिस और प्रशासनिक अमले को तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
