देहरादून/ 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने अपने खेल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। इस बार राज्य ने 13 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 57 पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इससे पहले किसी भी राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को इतनी बड़ी सफलता नहीं मिली थी।

पहले से बेहतर प्रदर्शन, रिकॉर्ड पदक संख्या—
उत्तराखंड का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साल 2002 में 32वें हैदराबाद राष्ट्रीय खेलों में था, जब राज्य ने 5 स्वर्ण, 1 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर कुल 10 पदक हासिल किए थे। वहीं, 2023 में गोवा में हुए 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 3 स्वर्ण, 6 रजत और 14 कांस्य पदक के साथ कुल 24 पदक जीते थे। लेकिन इस बार राज्य के खिलाड़ियों ने 57 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।
मॉडर्न पेंटाथलॉन में शानदार प्रदर्शन—
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मॉडर्न पेंटाथलॉन में जबरदस्त प्रदर्शन किया और 5 स्वर्ण व 2 कांस्य सहित कुल 7 पदक जीते। काशीपुर के सक्षम प्रताप सिंह और बागेश्वर की ममता खाती ने तीन-तीन स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।

बॉक्सिंग में स्वर्णिम पंच—
उत्तराखंड के बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीते।

वुशु में 12 पदक—
वुशु में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य सहित कुल 12 पदक जीते।

ताइक्वांडो में 10 पदक—
उत्तराखंड के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 3 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 10 पदक अपने नाम किए।
योगासन, बैडमिंटन और केनोइंग-कयाकिंग में भी सफलता—
उत्तराखंड ने योगासन में 1 स्वर्ण, 3 रजत, 1 कांस्य जीता, जबकि बैडमिंटन में 6 पदक (4 रजत, 2 कांस्य) और केनोइंग-कयाकिंग में 3 पदक (1 स्वर्ण, 2 रजत) अपने नाम किए।

लॉन बॉल और रोइंग में भी प्रभावी प्रदर्शन—
लॉन बॉल में 1 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक जीतकर राज्य ने पहली बार इस खेल में कदम रखते ही शानदार प्रदर्शन किया। रोइंग में उत्तराखंड ने 2 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किए।

फुटबॉल में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल—
उत्तराखंड की फुटबॉल टीम ने पहली बार शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

नेटबॉल में भी शानदार शुरुआत—
उत्तराखंड की पुरुष और महिला नेटबॉल टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की ऐतिहासिक छलांग—
38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन 5 स्वर्ण पदक जीत लिए थे। इसके बाद लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत टॉप-10 में अपनी जगह बना ली और अब तक 57 पदकों के साथ 11वें स्थान पर पहुंच चुका है।
उत्तराखंड का यह प्रदर्शन राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा। राज्य सरकार और खेल संघों की मदद से आने वाले वर्षों में उत्तराखंड राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकता है।
38वें राष्ट्रीय खेलों पर फैलाए जा रहे भ्रम पर उत्तराखंड सरकार सख्त, अफवाहों को किया खारिज