उत्तराखंड को मिला पहला साइंस कम्युनिटी रेडियो स्टेशन, वैज्ञानिकों की आवाज अब गूंजेगी 88.8 MHz पर

Our News, Your Views

रिपोर्ट: The Mountain Stories | देहरादून

उत्तराखंड विज्ञान के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (U-COST) में राज्य का पहला साइंस कम्युनिटी रेडियो स्टेशन तैयार हो गया है। शनिवार को इसका पहला ट्रायल सफल रहा, जिसे देखकर यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने इसे विज्ञान के जनसंचार के लिए “एक क्रांतिकारी कदम” बताया।

अब जब आप अपने रेडियो सेट पर 88.8 MHz पर ट्यून करेंगे, तो आपके कानों तक पहुंचेगी वैज्ञानिकों की आवाज – जो न केवल मौसम की जानकारी देंगे, बल्कि अपने शोध, आविष्कार और वैज्ञानिक पहलुओं को आम जनता के साथ साझा करेंगे। यह रेडियो खासतौर पर विज्ञान को सरल भाषा में समाज तक पहुंचाने और आमजन की जीवनशैली में विज्ञान की उपयोगिता को समझाने के लिए शुरू किया गया है।

कम्युनिटी रेडियो: विज्ञान और समाज के बीच सेतु

कम्युनिटी रेडियो स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि यह स्थानीय समुदाय के लिए, उनके द्वारा और उनके साथ मिलकर काम करता है। यह न केवल आमजन की भाषा और ज़रूरतों के अनुसार कार्यक्रम प्रसारित करता है, बल्कि सीधे संवाद का माध्यम भी बनता है।

यूकॉस्ट का यह रेडियो स्टेशन भी 10 किलोमीटर हवाई दूरी तक प्रसारण करेगा, जिससे देहरादून के अधिकांश हिस्से में इसकी पहुंच होगी। विशेष बात यह है कि आपदा प्रभावित इलाकों में यह रेडियो तत्काल सूचना, वैज्ञानिक सलाह और जागरूकता प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

क्या-क्या सुना जा सकेगा इस रेडियो पर?

  • हर दिन दो घंटे का साइंस अवेयरनेस शो

  • शोधकर्ताओं और प्रोफेसरों के इंटरव्यू

  • छात्रों के लिए विज्ञान आधारित रोचक कार्यक्रम

  • समाज के लिए प्रासंगिक वैज्ञानिक जानकारी और समाधान

  • वन यूनिवर्सिटी – वन रिसर्च के तहत राज्यभर के विश्वविद्यालयों के शोध कार्य

प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया,

“प्रदेश के पहले साइंस रेडियो स्टेशन का ट्रायल सफल हो गया है। हम विश्व पर्यावरण दिवस यानी 5 जून से इसका नियमित प्रसारण शुरू करने जा रहे हैं। वैज्ञानिक अब इस मंच के जरिए सीधे समाज से संवाद कर सकेंगे।”

रेडियो से विज्ञान को नई आवाज

बेसिल (ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसलटेंट्स इंडिया लिमिटेड) की तकनीकी टीम द्वारा निर्मित यह स्टेशन राज्य के छात्रों, शोधकर्ताओं, किसानों, पर्यावरणविदों और विज्ञान में रुचि रखने वाले सभी नागरिकों के लिए एक सशक्त माध्यम बनेगा। यूकॉस्ट की टीम ने एक साप्ताहिक शेड्यूल भी तैयार कर लिया है, जिसमें हर दिन अलग विषयों पर चर्चा होगी – जैसे जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान और बहुत कुछ।

88.8 MHz पर जुड़े विज्ञान से

उत्तराखंड में यह प्रयास कम्युनिटी रेडियो के जरिए विज्ञान को आमजन से जोड़ने का पहला बड़ा कदम है। यह मॉडल न केवल राज्य में बल्कि देशभर के अन्य राज्यों में भी विज्ञान प्रसार के लिए एक प्रेरणास्त्रोत बन सकता है।

The Mountain Stories यह मानता है कि यूकॉस्ट का यह इनोवेटिव प्रयास ना सिर्फ “विज्ञान को जनता तक” लाने की दिशा में ऐतिहासिक है, बल्कि यह समाज और विज्ञान के बीच एक भरोसेमंद संवाद की नींव रखेगा।


Our News, Your Views