उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार

Our News, Your Views

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार

देहरादून। प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 25 और 26 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि उससे पहले पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई गई है। वहीं मैदानी और अन्य जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।

दून में सामान्य से अधिक रहा तापमान

सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा। हालांकि तापमान में विशेष गिरावट दर्ज नहीं की गई।

देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक बढ़कर 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान लगभग इसी प्रवृत्ति का रहा।

24 फरवरी को भी ऐसे ही रहेंगे हालात

मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। इसके बाद 25 और 26 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में आवागमन के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।


Our News, Your Views