“देहरादून में तेज रफ्तार इनोवा का कहर: पिता की मौत, दो गंभीर घायल, चालक हिरासत में”
देहरादून | विशेष संवाददाता
देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने भारी तबाही मचा दी। ओल्ड सर्वे रोड पर बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी सवारों को टक्कर मारते हुए कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और अंततः एक घर में जा घुसी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार, हादसे में बाइक सवार रोहित फिलिप (48) की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अनूप (22) गंभीर रूप से घायल है। इसके अलावा स्कूटी सवार राहुल भी हादसे में घायल हुआ, जिसे उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
नशे में धुत चालक ने मचाया तांडव
सीओ डालनवाला अनुज आर्य के अनुसार, आरोपी चालक गुनीत सिंह तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। उसने पहले एक कार को टक्कर मारी, फिर आगे बढ़ते हुए स्कूटी और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क किनारे खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए एक मकान के गेट को तोड़कर अंदर घुस गया।
कई वाहन क्षतिग्रस्त, घर में भी घुसी कार
हादसे में सड़क पर खड़े अन्य वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कार के घर में घुसने से परिसर में खड़ी गाड़ी और स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
आरोपी चालक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी चालक गुनीत सिंह को मौके से हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
गौरतलब है कि इससे पहले भी देहरादून में तेज रफ्तार वाहनों के कारण गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिससे शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
