हल्द्वानी में “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने धामी सरकार के विकास कार्यों की सराहना की

Our News, Your Views

हल्द्वानी में “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने धामी सरकार के विकास कार्यों की सराहना की

हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य जनसभा में राजनाथ सिंह ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति और स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड के शहीदों को नमन करते हुए देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग परिश्रमी, सौम्य और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं, जो इसे विशेष पहचान देते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि धामी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्हें “धाकड़ और धुरंधर” नेता बताया, जो प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी निर्णय ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य की स्थापना के 25 वर्षों की यात्रा संघर्ष, बलिदान और विकास की कहानी रही है। वर्तमान में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, ऊर्जा क्षमता विस्तार, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति हो रही है।

नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड, छोटे राज्य होने के बावजूद, राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने राज्य की बढ़ती जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय में हुए इजाफे को विकास की गति का संकेत बताया।

उन्होंने धामी सरकार के कई महत्वपूर्ण निर्णयों—जैसे यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत गांवों के विकास—को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू कर उत्तराखंड ने सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।

अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना आवश्यक है और राज्य सरकार इस दिशा में सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत क्षेत्रों के विकास, वाइब्रेंट विलेज योजना और पलायन रोकने के लिए ठोस प्रयास कर रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में निवेश, पर्यटन, बुनियादी ढांचे, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से बड़े निवेश समझौते हुए हैं और राज्य में स्टार्टअप व उद्योगों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी भर्ती प्रणाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई से सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है और हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही, समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया गया है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे, होटल और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जबकि सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों से रिवर्स पलायन को भी गति मिली है।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।


Our News, Your Views