उत्तराखंड में आज ‘अर्थ आवर’: एक घंटे के लिए बुझेंगी गैर-जरूरी लाइटें, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
देहरादून, 28 मार्च 2026।
उत्तराखंड शासन ने आज शनिवार को वैश्विक पर्यावरणीय पहल ‘अर्थ आवर (Earth Hour)’ मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक पूरे प्रदेश में एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें और विद्युत उपकरण बंद रखने की अपील की गई है।
यह पहल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। शासन के अनुसार यह कार्यक्रम WWF India, नई दिल्ली के पत्र के क्रम में आयोजित किया जा रहा है, जो विश्व स्तर पर ‘Earth Hour’ अभियान का संचालन करता है।
प्रदेश सरकार ने सभी नागरिकों, संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सरकारी विभागों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। निर्धारित समय के दौरान गैर-जरूरी बिजली उपकरणों को बंद कर ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देने का आह्वान किया गया है।
‘अर्थ आवर’ केवल एक प्रतीकात्मक कदम नहीं, बल्कि यह लोगों को अपनी दैनिक जीवनशैली में ऊर्जा की बचत और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी समझाने का एक वैश्विक प्रयास है। उत्तराखंड जैसे प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य के लिए यह पहल और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अपील:
आज रात 8:30 से 9:30 बजे के बीच अपने घर, कार्यालय और आसपास के स्थानों पर अनावश्यक लाइटें बंद कर इस मुहिम का हिस्सा बनें और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक छोटा लेकिन अहम कदम उठाएं।
