चारधाम यात्रा 2025: हरिद्वार-ऋषिकेश में ग्रीन कार्ड जारी होने शुरू, बिना कार्ड नहीं मिलेगी एंट्री

Our News, Your Views

चारधाम यात्रा 2025: हरिद्वार-ऋषिकेश में ग्रीन कार्ड जारी होने शुरू, बिना कार्ड नहीं मिलेगी एंट्री

देहरादून/ऋषिकेश, 1 अप्रैल। 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा के लिए कमर्शियल वाहनों के लिए अनिवार्य ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया आज से हरिद्वार और ऋषिकेश में शुरू कर दी गई है। बिना ग्रीन कार्ड के किसी भी व्यावसायिक वाहन को यात्रा मार्ग में प्रवेश नहीं मिलेगा।

ऋषिकेश में ग्रीन कार्ड प्रक्रिया की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस दौरान शांतिकुंज हरिद्वार से आए वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा भजन-कीर्तन और हवन कराया गया। इसके बाद वाहन स्वामियों को ग्रीन कार्ड वितरित किए गए।

कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, शैलेश तिवारी, राजीव मेहरा, आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला, आरटीओ संदीप सैनी, एआरटीओ रावत सिंह कटारिया और आरआई प्रदीप रौथान सहित अन्य अधिकारियों ने हवन में आहुति दी और प्रक्रिया की शुरुआत कराई।

अधिकारियों के अनुसार, पहले दिन कुल 15 वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए गए। एआरटीओ (प्रशासन) ऋषिकेश रावत सिंह कटारिया ने बताया कि वाहन स्वामियों को ग्रीन कार्ड प्राप्त करने के लिए पहले ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित शुल्क जमा करना होगा, इसके बाद परिवहन कार्यालय से कार्ड जारी किया जाएगा।

चारधाम यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे वाहनों की निगरानी और संचालन बेहतर तरीके से किया जा सके।


Our News, Your Views