Advt.
Advt.
Advt.

UPL क्लोजिंग में मासूम शर्मा के शो को लेकर विवाद, पुराने विवाद के बाद बजरंग दल प्रशासन को सौंपेगा आपत्ति पत्र

Our News, Your Views

UPL क्लोजिंग में मासूम शर्मा के शो को लेकर विवाद, पुराने विवाद के बाद बजरंग दल प्रशासन को सौंपेगा आपत्ति पत्र

देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) की क्लोजिंग सेरेमनी से पहले हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की प्रस्तावित प्रस्तुति को लेकर विवाद शुरू हो गया है। 1 अक्टूबर को होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा की प्रस्तुति प्रस्तावित है। इसी बीच अप्रैल में डीएवी पीजी कॉलेज के कार्यक्रम में कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद का हवाला देते हुए बजरंग दल ने जिला प्रशासन से कार्यक्रम का संज्ञान लेने की बात कही है।

UPL क्लोजिंग में प्रस्तावित है मासूम शर्मा का कार्यक्रम

देहरादून में आयोजित होने वाले UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर जानकारी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी सामने आई है। CAU के पदाधिकारियों की ओर से भी उनके कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, कार्यक्रम से पहले ही उनके पुराने विवाद को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अप्रैल में DAV कॉलेज के कार्यक्रम में हुआ था विवाद

मासूम शर्मा इससे पहले अप्रैल में देहरादून के DAV पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में प्रस्तुति दे चुके हैं। इस दौरान मंच से कथित रूप से अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था।

मामले में डालनवाला कोतवाली में शिकायत के बाद पुलिस ने मासूम शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार, मामले में BNS की धारा 296, 352, 79 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर उनका पक्ष भी मांगा था।

विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने वीडियो जारी कर अपने व्यवहार पर खेद जताया था। वहीं, हरियाणा राज्य महिला आयोग की ओर से भी मामले का संज्ञान लेते हुए उन्हें नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई थी।

बजरंग दल प्रशासन को देगा आपत्ति पत्र

अब UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा की प्रस्तावित प्रस्तुति को लेकर बजरंग दल ने प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति रखने का फैसला किया है। संगठन के देहरादून प्रांतीय मिलन प्रमुख भगवा विकास वर्मा के अनुसार, सोमवार को जिला प्रशासन से मुलाकात कर आपत्ति पत्र सौंपा जाएगा।

संगठन का कहना है कि उसका विरोध किसी कलाकार के कार्यक्रम से नहीं है, बल्कि सार्वजनिक मंच पर आपत्तिजनक या अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर है। बजरंग दल ने प्रशासन से अपील करने की बात कही है कि पिछले विवाद को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान भाषा और प्रस्तुति की मर्यादा सुनिश्चित की जाए।

बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की उम्मीद

UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में बड़ी संख्या में क्रिकेट और संगीत प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में आयोजकों और प्रशासन के सामने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के साथ-साथ मंचीय प्रस्तुति पर भी नजर रखने की मांग उठी है।

फिलहाल मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर बजरंग दल की आपत्ति और जिला प्रशासन के रुख पर निगाहें टिकी हैं। अप्रैल में DAV कॉलेज के कार्यक्रम से जुड़ा विवाद अब सितंबर में UPL की क्लोजिंग सेरेमनी तक पहुंच गया है।


Our News, Your Views