मौसम खुलते ही फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, 123 सड़कें बंद होने से आवाजाही प्रभावित
देहरादून: मौसम में सुधार के बाद पिछले दो दिनों से रोकी गई चारधाम यात्रा को सोमवार को फिर से शुरू कर दिया गया। चारधाम यात्रा नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर यात्रा से रोक हटा दी गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और यात्रियों को चारधाम की ओर जाने की अनुमति दे दी गई है।
प्रशासन ने सभी पुलिस और तहसील प्रशासन को यात्रा को नियमित और निर्बाध रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी जारी है, ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रा से जुड़े विभागों और नोडल अधिकारियों को सतर्क रहने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
123 सड़कें बंद, पौड़ी सबसे अधिक प्रभावित
बारिश के कारण प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों की 79 समेत कुल 123 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक पौड़ी जिले में 27 मार्ग प्रभावित हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा में 20, चमोली में 14, नैनीताल में 22 और पिथौरागढ़ में 13 सड़कें बंद हैं।
जिलेवार स्थिति की बात करें तो बागेश्वर में दो, चंपावत में एक, देहरादून में छह, रुद्रप्रयाग में चार, टिहरी में आठ और उत्तरकाशी में छह मार्ग बंद बताए गए हैं।
सड़कों के बंद होने से कई क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से बंद मार्गों को खोलने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
