हल्द्वानी में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: उद्यान विभाग का अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Our News, Your Views

हल्द्वानी में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: उद्यान विभाग का अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

हल्द्वानी, 09 अप्रैल 2026।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की हल्द्वानी टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी आम के पेड़ों के कटान की अनुमति देने के बदले अवैध धनराशि की मांग कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे। नियमानुसार इन पेड़ों के कटान के लिए उद्यान विभाग से अनुमति आवश्यक होती है। जब वह अनुमति लेने के लिए उद्यान सचल दल केंद्र, किच्छा पहुंचा, तो वहां तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने 16 पेड़ों के कटान की अनुमति देने के एवज में 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान द्वारा मामले की प्राथमिक जांच कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके बाद एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत 09 अप्रैल को विजिलेंस टीम ने उद्यान सचल दल केंद्र, किच्छा में दबिश दी और ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे (पुत्र श्री बची राम पाण्डे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी) को शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मुख्य बिंदु:

  • गिरफ्तार आरोपी: बादल पाण्डे (ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक)
  • रिश्वत की राशि: 12,000 रुपये
  • स्थान: उद्यान सचल दल केंद्र, किच्छा
  • मामला: 16 आम के पेड़ों के कटान की अनुमति देने के बदले रिश्वत

विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा अवैध धन की मांग किए जाने पर आम जनता से शिकायत करने की अपील की गई है।


Our News, Your Views