लक्सर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की चपेट में आई छात्रा मीनू की मौत, गांव में मातम

Our News, Your Views

लक्सर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की चपेट में आई छात्रा मीनू की मौत, गांव में मातम

लक्सर। हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में बीती देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। डुमनपुरी गांव के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल छात्रा मीनू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम डुमनपुरी गांव के पास पांच छात्राएं सड़क किनारे जा रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित हो गई और छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सभी छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में तीन छात्राओं की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था। इनमें गंभीर रूप से घायल छात्रा मीनू की उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में हादसे को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं और प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Our News, Your Views