सीमांत क्षेत्रों के पोलिंग बूथों का मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किया निरीक्षण, गंगोत्री धाम में की पूजा-अर्चना

Our News, Your Views

सीमांत क्षेत्रों के पोलिंग बूथों का मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किया निरीक्षण, गंगोत्री धाम में की पूजा-अर्चना

देहरादून/उत्तरकाशी। ज्ञानेश कुमार शनिवार को दो दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे। इस अवसर पर डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने उत्तरकाशी स्थित झाला हेलीपैड पर उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सीमांत क्षेत्र के पोलिंग बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भारत-चीन सीमा से सटे उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री विधानसभा के सीमांत गांव हर्षिल स्थित पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ विस्तृत संवाद कर एसआईआर की मैपिंग एवं अन्य तैयारियों की जानकारी ली।

‘स्मार्ट’ तकनीक से मतदाता सूची का शुद्धीकरण

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर्स बीएलओ ऐप के माध्यम से सूची में शामिल “एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान कर मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य कर रहे हैं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है।

उन्होंने बीएलओ श्रीमती मिंटू देवी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एसआईआर कार्य में समर्पण के साथ जुटे सभी बूथ लेवल ऑफिसर्स को चुनाव आयोग सैल्यूट करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि देशभर के बीएलओ इसी दक्षता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

साधु-संतों वाले विशेष पोलिंग बूथ का किया निरीक्षण

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने गंगोत्री स्थित विशेष पोलिंग बूथ का भी निरीक्षण किया, जहां शत-प्रतिशत मतदाता साधु-संत एवं संन्यासी हैं। इस दौरान उन्होंने साधु-संतों के साथ विस्तृत संवाद किया और दुर्गम परिस्थितियों एवं कड़ाके की ठंड के बावजूद लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि ऐसा पोलिंग बूथ, जहां सभी मतदाता साधना में लीन रहने वाले संत हों, भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की विविधता और मजबूती की अनूठी मिसाल है।

इससे पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने धर्मपत्नी के साथ गंगोत्री मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

देर शाम हर्षिल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम से आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान एसआईआर की मैपिंग और एएसडीडी सूची से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप जिलाधिकारी श्रीमती मुक्ता मिश्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, ईआरओ गंगोत्री एवं एसडीएम शालिनी नेगी सहित पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त रविवार को देहरादून में एसआईआर से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करेंगे।


Our News, Your Views