सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने में तेजी लाएं अधिकारी: मुख्यमंत्री धामी

Our News, Your Views

सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने में तेजी लाएं अधिकारी: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर विभिन्न प्रशासनिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी विस्तृत जांच की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच तेज की जाए और ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी भू कानून का उल्लंघन पाया जाए, वहां संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। साथ ही शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने वक्फ संपत्तियों का पूरा ब्योरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने और उसकी नियमित समीक्षा व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने जनसेवा केंद्रों की जांच करने और अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव को और तेज करने को कहा।

मानसून से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश

आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पूर्व तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने आंतरिक क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जहां भी पानी की समस्या या तकनीकी दिक्कत हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर किया जाए।

बिजली कटौती पर सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक ऊर्जा कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि किसी कारणवश बिजली कटौती आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना आम जनता तक समय रहते पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने और यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं से प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए।

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य आगामी माह तक हर हाल में पूरा करने को कहा।

किसानों तक पहुंचे योजनाओं का वास्तविक लाभ

मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाएं केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि किसानों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्य किया जाए। उन्होंने कृषि और बागवानी क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर दिया।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने Joshimath में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।


Our News, Your Views