धामी सरकार की डिजिटल पहल: अब घर बैठे होगा पेंशनरों का जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन

Our News, Your Views

धामी सरकार की डिजिटल पहल: अब घर बैठे होगा पेंशनरों का जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की पहल पर प्रदेश के पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) सत्यापन की प्रक्रिया अब पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक हो गई है। डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से अब पेंशनर घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन सत्यापित कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

प्रदेश में वर्तमान में लगभग डेढ़ लाख पेंशनर हैं, जबकि अकेले देहरादून जनपद में 22 हजार से अधिक पेंशनर निवास करते हैं। इन सभी के सत्यापन को आसान बनाने के लिए “जीवन प्रमाण” ऐप और “आधार फेस आरडी” तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से पेंशनर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) ऑनलाइन आसानी से जमा कर सकते हैं।

देहरादून कचहरी स्थित मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय में स्थापित पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल में भी डीएलसी के माध्यम से लगातार सत्यापन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। यहां पेंशनरों को आधार अपग्रेडेशन की सुविधा देने के साथ-साथ डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी Dr. Ashish Chauhan ने जनपद में कार्यभार संभालने के बाद कोषागार का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक पेंशनरों का सत्यापन डिजिटल माध्यम से कराया जाए, ताकि विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों को घर बैठे सुविधा का लाभ मिल सके।

पेंशनर “जीवन प्रमाण” ऐप के माध्यम से ऑपरेटर आईडी बनाकर स्वयं भी अपना सत्यापन कर सकते हैं। इसके लिए आधार का अपडेट होना और आधार नंबर का मोबाइल नंबर एवं कोषागार से लिंक होना आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त आईएफएमएस (इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) ऐप के जरिए पेंशनर अपनी सत्यापन स्थिति (एक्टिव/इनएक्टिव) ऑनलाइन देख सकते हैं तथा पेंशन स्टेटमेंट भी डाउनलोड कर सकते हैं।

पेंशनरों की सहायता के लिए निदेशालय कोषागार द्वारा 8899890000 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। वहीं अधिक जानकारी के लिए treas-fdc-uk@nic.in पर संपर्क किया जा सकता है।

सरकार की इस डिजिटल पहल से बुजुर्ग पेंशनरों को लंबी कतारों और कार्यालयों के चक्कर से राहत मिली है। अब वे सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक तरीके से घर बैठे अपना जीवन प्रमाण पत्र सत्यापित कर पा रहे हैं।


Our News, Your Views