रुद्रप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, पांच घायल
रुद्रप्रयाग। जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर एक सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी और एक पेड़ पर अटक गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग 12:15 बजे वाहन संख्या UK13B-4293 सिलेरियो कार बांसवाड़ा से पेलिंग/उथिंड गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गया। वाहन एक पेड़ पर अटक जाने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई।
सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
दुर्घटना में घायल हुए रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) और वैभव (10 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है।
हादसे में महेन्द्र सिंह (68 वर्ष), उनके पुत्र अंजन सिंह (42 वर्ष) और संगीता देवी (32 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को जिला चिकित्सालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल और मृतक सभी लोग उथिंड गांव के निवासी हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। राहत एवं बचाव दलों की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।
