नैनीताल की झीलों का होगा कायाकल्प, पर्यटन और पार्किंग सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च होंगे

Our News, Your Views

नैनीताल की झीलों का होगा कायाकल्प, पर्यटन और पार्किंग सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च होंगे

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत नैनीताल जनपद में झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने झीलों के पुनर्विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संचालित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत अवलोकन किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

भीमताल झील के सौंदर्यीकरण पर 25 करोड़ से अधिक खर्च

भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है। योजना के तहत प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, दीनदयाल पार्क के निकट बोटिंग डॉक का निर्माण, झील किनारे 4210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइट और आधुनिक स्ट्रीट फर्नीचर स्थापित किए जाएंगे।

नौकुचियाताल में विकसित होंगी आधुनिक पर्यटन सुविधाएं

नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 20.97 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है। इसके तहत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय एवं टिकट काउंटर, पार्किंग सुविधा, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, गज़ीबो, व्यूपॉइंट, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

कमलताल बनेगा नया पर्यटन आकर्षण

कमलताल क्षेत्र में ओपन शॉपिंग सेंटर (प्लाजा), 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सोलर लाइटिंग और लैंडस्केपिंग के कार्य प्रस्तावित हैं। अधिकारियों के अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बनेगा।

भवाली में 124 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग

भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स परियोजना का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना के तहत बेसमेंट में पार्किंग तथा भूतल एवं प्रथम तल पर लगभग 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इसके शुरू होने पर 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।

नैनीताल शहर में पार्किंग संकट से मिलेगी राहत

नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से सरोवर पार्किंग परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत 605 चारपहिया और 202 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी।

इसके अलावा नैनीताल क्लब के समीप नगर पालिका की भूमि पर 30.43 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है, जिसमें 202 चारपहिया और 96 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।

लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, वहां शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में परिवर्तन करने पर भी विचार किया जा सकता है।

अशोक पार्किंग स्थल के विकास पर जोर

नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण करते हुए सचिव ने पूर्व में स्वीकृत धनराशि का उपयोग कर पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

पर्यटन और यातायात सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

सचिव ने कहा कि झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक पार्किंग व्यवस्थाओं के विकास से नैनीताल जिले की पर्यटन क्षमता को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।


Our News, Your Views