नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 प्रतिभागी

Our News, Your Views

नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 प्रतिभागी

चमोली। जनपद चमोली की सामरिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को तीन दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस विशेष आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों में इस प्रकार की गतिविधियों से पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सीमा क्षेत्र के गांवों को मजबूती मिलेगी।

पहले दिन हुई 75 और 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जा रहा है। आयोजन के पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 117 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

इसके साथ ही मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 धावकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई वाले क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों के साहस, धैर्य और शारीरिक क्षमता की परीक्षा ली।

आगामी दिनों में होंगी हॉफ मैराथन स्पर्धाएं

आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की विभिन्न हॉफ मैराथन स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम के समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जो प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

सांस्कृतिक संध्या में दिखी सीमांत संस्कृति की झलक

इससे पूर्व शनिवार रात्रि मलारी गांव में पर्यटन विभाग द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नीति घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचय कराया।

प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों ने देर रात तक कार्यक्रमों का आनंद लिया तथा सीमांत क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया।

सीमांत पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ को उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स और सीमांत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन नीति-मलारी क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होंगे।


Our News, Your Views