मुख्यमंत्री ने 221 चयनित अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- युवाओं के भविष्य से नहीं होगा कोई समझौता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के माध्यम से विभिन्न विभागों में चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग के पद शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार सही दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं के सपनों और उनके माता-पिता के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन अब रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी हो रही हैं और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसका परिणाम है कि आज युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपनाकर जनता की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ये युवा केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के विकास के सहभागी भी हैं। विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि आज उत्तराखण्ड में प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत के दम पर सरकारी नौकरी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के प्रशिक्षण प्रखण्ड के अंतर्गत चयनित 173 अनुदेशक, 4 वैयक्तिक सहायक तथा पशुपालन विभाग में चयनित 9 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिना किसी सिफारिश के पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में शहरी विकास विभाग में 215 लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इस अवसर पर शहरी विकास विभाग में चयनित 35 सहायक लेखाकारों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूर्ण होने के दिन आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं के लिए एक विशेष अवसर है और राज्य सरकार आगे भी इसी पारदर्शिता और गति के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
