राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं, IMA पासिंग आउट परेड में होंगी मुख्य अतिथि
देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर शुक्रवार को देहरादून पहुंचीं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने प्रवास के दौरान भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। शनिवार को होने वाली इस परेड में वे बतौर सुप्रीम कमांडर जेंटलमैन कैडेट्स को अंतिम सलामी देंगी।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देहरादून में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग पर पुलिस, विशेष सुरक्षा समूह (SPG), खुफिया एजेंसियों तथा अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त तैनाती की गई। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी लगाए गए हैं और पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचा, जहां उनके ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए थे।
नो-ड्रोन जोन घोषित हुआ क्षेत्र
राष्ट्रपति के भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान किसी भी प्रकार के निजी अथवा व्यावसायिक ड्रोन के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां हवाई गतिविधियों पर भी कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
अंतिम चरण में IMA की तैयारियां
शनिवार को होने वाली पासिंग आउट परेड की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस ऐतिहासिक समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ मित्र देशों के कैडेट भी भाग लेंगे। कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन की लंबी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेंटलमैन कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
आईएमए की पासिंग आउट परेड भारतीय सेना की सबसे प्रतिष्ठित सैन्य परंपराओं में से एक मानी जाती है। परेड के दौरान कैडेट्स अपने प्रशिक्षण, अनुशासन और सैन्य कौशल का प्रदर्शन करते हैं। ‘अंतिम पग’ पार करते ही वे भारतीय सेना के अधिकारी बन जाते हैं। इस अवसर को देखने के लिए कैडेट्स के परिजन और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहते हैं।
होटल, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग की गई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज, धर्मशाला, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस द्वारा बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से समय रहते निपटा जा सके। इसके साथ ही राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी से इस वर्ष की आईएमए पासिंग आउट परेड विशेष महत्व प्राप्त कर रही है। सैन्य परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जुड़ा यह आयोजन देशभर के लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
