हरेला पर्व पर मुख्यमंत्री धामी ने किया पौधरोपण, धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय का किया भ्रमण
पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण भी किया। उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान गतिविधियों तथा नवाचारों की जानकारी ली। साथ ही परिसर में स्थित ध्यान कुटी का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों का संरक्षण और वैज्ञानिक अध्ययन वर्तमान समय की आवश्यकता है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन और आयुर्वेद आधारित शोध को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देंगे, बल्कि हर्बल पर्यटन, औषधीय पौधों के व्यावसायिक संवर्धन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही उत्तराखंड की पारंपरिक ज्ञान प्रणाली को भी नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह परिसर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है तथा भविष्य में आयुर्वेद, औषधीय पौधों और हर्बल पर्यटन के क्षेत्र में उत्तराखंड को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
