जिला चिकित्सालय देहरादून के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, पहले दिन 624 लोगों ने उठाया लाभ

Our News, Your Views

जिला चिकित्सालय देहरादून के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, पहले दिन 624 लोगों ने उठाया लाभ

देहरादून। जिला चिकित्सालय देहरादून में आयोजित बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन क्षेत्रीय जनता की भारी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में कुल 624 लाभार्थियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया और विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 340 पुरुष और 284 महिलाएं शामिल रहीं।

शिविर का संचालन प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन तथा शिविर प्रभारी के समन्वय में किया जा रहा है। पहले दिन गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग के तहत 126 लोगों की ब्लड प्रेशर और मधुमेह जांच की गई। वहीं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत दो गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच संपन्न हुई।

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के तहत 23 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया, जबकि 21 लाभार्थियों को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी स्क्रीनिंग के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई।

शिविर में मरीजों को एक ही स्थान पर आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। पैथोलॉजी विभाग द्वारा 173 लोगों के हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल टेस्ट किए गए। इसके अलावा 68 मरीजों के एक्स-रे तथा 45 मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच भी की गई।

शिविर की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आम जनता को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


Our News, Your Views