मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसका प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब नागरिकों को उनकी समस्याओं का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले। मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े मामलों में पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
इसके उपरांत खटीमा कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। वितरित किए गए उपकरणों में 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राइसाइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन की चाबी तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
