देहरादून में भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, घर-घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान

Our News, Your Views

देहरादून में भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, घर-घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को देहरादून में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। गांधी पार्क से घंटाघर तक आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव जीवित रखने का आह्वान किया।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों के साथ शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने देश की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया है। हमारा संकल्प है कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से एक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति तथा स्वदेशी तकनीक के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज भारत अनेक क्षेत्रों में दुनिया को नई दिशा दिखाने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल लगातार बढ़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने विश्व पटल पर भारत की सामरिक क्षमता को प्रदर्शित किया है। भारत रक्षा क्षेत्र में आयातक से निर्यातक बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है और यहां का लगभग हर दूसरा परिवार देश की सीमाओं की रक्षा में योगदान देता है। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत कर रही है। राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशेष नीतियां लागू कर विकास का व्यापक रोडमैप तैयार किया गया है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और 1,750 से अधिक स्टार्टअप्स सक्रिय हैं। रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून तथा देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। साथ ही मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले 250 से अधिक अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें बंद किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है तथा भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले लगभग पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ रोजगार सृजक बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे योजना और पर्यटन नीति के माध्यम से बड़े पैमाने पर उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए हजारों लोगों ने राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के प्रति अपना उत्साह और सम्मान व्यक्त किया।


Our News, Your Views