उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के तेज झटके, लोगों में दहशत; 4.2 मैग्नीट्यूड रही तीव्रता
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में रविवार देर रात आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। यमुना घाटी से लेकर गंगा घाटी तक कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात के समय अचानक धरती हिलने से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक खुले स्थानों पर रहे।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप देर रात 1 बजकर 21 मिनट पर महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास तथा जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
भूकंप के झटके महसूस होते ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई परिवार एहतियात के तौर पर कुछ समय तक घरों में वापस नहीं लौटे। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में लोग मोबाइल फोन के माध्यम से अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेते रहे।
भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग तुरंत सक्रिय हो गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी जुटाई गई तथा तहसील प्रशासन और संबंधित विभागों से संपर्क कर संभावित नुकसान का आकलन किया गया।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई है और इसका केंद्र बड़कोट के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल जिले में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्रशासन के अनुसार अब तक कहीं से भवनों में दरार, सड़क क्षतिग्रस्त होने, भूस्खलन अथवा अन्य किसी प्रकार की क्षति की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि देर रात आए इस भूकंप ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी एक भूकंप के झटके के आधार पर बड़े भूकंप की संभावना का अनुमान नहीं लगाया जा सकता। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को देने को कहा गया है।
गौरतलब है कि उत्तरकाशी जनपद भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है और यहां समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है और प्रशासन लगातार निगरानी रखे हुए है।
