चमोली में THDC टनल हादसा: मुख्यमंत्री धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत-बचाव के निर्देश
देहरादून। जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी (THDC) की टनल में मलबा और पानी आने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश देते हुए संबंधित एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर रवाना किया गया है। इसके साथ ही जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। साथ ही प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यकता के अनुसार हर संभव कदम उठाए जाएंगे और राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
फिलहाल घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
