Advt.
Advt.
Advt.

कुंभ मेला-2027 के लिए उत्तराखंड को 8,029 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं-चावल आवंटित

Our News, Your Views

कुंभ मेला-2027 के लिए उत्तराखंड को 8,029 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं-चावल आवंटित

देहरादून। हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 को देखते हुए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन किया है। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार राज्य को 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं और 4,978.073 मीट्रिक टन चावल अतिरिक्त रूप से उपलब्ध कराया गया है। दोनों को मिलाकर उत्तराखंड को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया गया है।

केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए संबंधित राज्यों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित वार्षिक खाद्यान्न आवंटन के अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त खाद्यान्न दिया जा सकता है। इसी व्यवस्था के तहत उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से कुंभ मेला-2027 के लिए अतिरिक्त गेहूं और चावल आवंटित करने का अनुरोध किया था।

राज्य सरकार के अनुरोध के बाद भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन को मंजूरी दी। इससे कुंभ मेले के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 को लेकर राज्य सरकार के स्तर पर परिवहन, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और खाद्य आपूर्ति समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में तैयारियां की जा रही हैं। अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन को भी इसी व्यापक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।


Our News, Your Views