अमित शाह के दौरे पर भाजपा की नजर 2027 पर, कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 अक्टूबर को आएंगे उत्तराखंड, मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में लेंगे भाग, श्रीअन्न महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे
Our News, Your Views

अमित शाह के दौरे पर भाजपा की नजर 2027 पर, कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री सबसे पहले पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल पदयात्रा और जनसभा को संबोधित करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत परेड ग्राउंड में पदयात्रा आयोजित की जा रही है। इसमें देहरादून महानगर, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार जिले से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। अमित शाह की मौजूदगी को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को लेकर जनता में आक्रोश है और लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के समर्थन में इस अभियान से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून में होने वाली पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

कोर कमेटी की बैठक पर भी नजर

अमित शाह के दौरे के दौरान छह नवंबर की शाम भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें गृह मंत्री के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए इस बैठक को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संगठन की तैयारियों, विपक्ष की रणनीति और चुनावी मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, गृह मंत्री की बैठक में मौजूदगी अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है।

19 और 20 नवंबर को हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी की अगली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हरिद्वार में आयोजित करने की योजना है। इसके लिए 19 और 20 नवंबर की तारीख प्रस्तावित की गई है। हालांकि, बैठक को लेकर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है।

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे गति पकड़ रही हैं। ऐसे में उनके संबोधन और संभावित संगठनात्मक बैठक को भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


Our News, Your Views