Advt.
Advt.
Advt.

2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने पर जोर

Our News, Your Views

2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने पर जोर

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन का जमीनी स्तर पर मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बूथ और शक्ति केंद्रों को प्रभावी बनाने तथा कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही तीन बार संगठन में अलग-अलग दायित्व संभाल चुके अनुभवी पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिल सके।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी बातचीत की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, नए बूथों को मजबूत करने तथा शक्ति केंद्रों पर पार्टी की गतिविधियों को लगातार सक्रिय रखने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की मौजूदा स्थिति और जमीनी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों की निरंतरता पर जोर दिया।

प्रदेश कार्यसमिति के सत्र के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर व्यापक चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन की स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और चुनावी रणनीति के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति और उसके बाद हुई कोर कमेटी की बैठक को विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का फोकस अब संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने के साथ अनुभवी नेताओं और कार्यकर्ताओं के समन्वय के जरिए चुनावी तैयारी को धार देने पर है।


Our News, Your Views