बनभूलपुरा अतिक्रमण पर सीएम धामी का बड़ा बयान, बोले- ‘अतिक्रमण है तो मुक्त कराया जाएगा’
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हल्द्वानी दौरे के दौरान बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण है तो उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाना चाहिए, ताकि रेलवे की विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में अपना पक्ष पहले ही न्यायालय के समक्ष रख चुकी है।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रेलवे अतिक्रमण मामले में सरकार की ओर से जो पक्ष रखा जाना था, वह अदालत के सामने रखा जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में कथित अतिक्रमण को पूर्ववर्ती कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते बढ़ावा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में न्यायालय की प्रक्रिया चल रही है और सरकार न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रख चुकी है। उन्होंने रेलवे की विकास परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
2027 के लिए कार्यकर्ताओं में भरा जोश
हल्द्वानी में मुख्यमंत्री ने विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति को आत्ममंथन के साथ भविष्य की रणनीति तय करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ काम करती है और उसका लक्ष्य समृद्ध एवं विकसित भारत का निर्माण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, तीन तलाक की समाप्ति और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।
उन्होंने उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, चारधाम ऑलवेदर रोड, होम स्टे योजना, पर्यटन विकास और लखपति दीदी योजना का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाले राज्यों में शामिल हुआ है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में घोटाले और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया तथा समाज को बांटने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का आह्वान किया था और राज्य सरकार इसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
